शर्मनाक हार के साथ इंग्लैंड ने गंवाई टेस्ट सीरीज,WTC फाइनल में भारत
अहमदाबाद
रविचंद्रन अश्विन (Ravichandran Ashwin) और अक्षर पटेल (Axar Patel) के बुने फिरकी के जाल में एक बार फिर इंग्लैंड के बल्लेबाजों को फांसकर भारत ने चौथा और आखिरी टेस्ट तीसरे ही दिन एक पारी और 25 रन से अपने नाम करके सीरीज 3-1 से जीत ली और विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में जगह बना ली। जून में लॉडर्स पर होने वाले विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप के फाइनल में भारत का सामना न्यूजीलैंड से होगा।
भारत को फाइनल में पहुंचने के लिए इस मैच में ड्रॉ की जरूरत थी लेकिन अक्षर और अश्विन ने दूसरी पारी में पांच पांच विकेट लेकर तीसरे ही दिन भारत को धमाकेदार जीत दिलाई। भारत की जीत के साथ ऑस्ट्रेलिया का विश्व चैम्पियनशिप फाइनल में पहुंचने का सपना टूट गया। भारत ने पहली पारी में ऋषभ पंत के शतक और वाशिंगटन सुंदर के नाबाद 96 रन की मदद से 365 रन बनाकर 160 रन की बढत ली थी । दूसरी पारी में इंग्लैंड की टीम 135 रन पर आउट हो गई।दूसरी पारी में इंग्लैंड के लॉरिंस (50) और कप्तान जो रूट (30) को छोड़कर कोई भी बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजों का सामना नहीं कर सका. सिबली (तीन) , जैक क्राउली (5) और जॉनी बेयरस्टॉ (0) पहली पारी की तरह दूसरी पारी में भी फेल रहे.
नरेंद्र मोदी स्टेडियम की अनुकूल पिच पर अक्षर ने 24 ओवर में 48 रन देकर पांच और मैच में नौ विकेट लिए जबकि अश्विन ने 22.5 ओवर में 47 रन देकर पांच और मैच में कुल आठ विकेट लिए। अश्विन ने इस सीरीज में 30 विकेट लिए और एक शतक समेत 180 रन भी बनाए। वहीं अक्षर ने इस सीरीज में टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण करके अपने प्रदर्शन की छाप छोड़ी।

पाठको की राय